.png?alt=media&token=b2eb6101-852a-4b53-8c1f-773ac037f824)
लेखक संवाद : सागर गुप्ता: स्टोरीबेरीज (StoryBerrys) के प्रतिष्ठित 'स्टार ऑथर'
.png?alt=media&token=756db6d6-4829-4997-b720-1d5728300837)
स्टोरीबेरीज (StoryBerrys) की 'स्टार ऑथर' सागर गुप्ता के साथ एक संक्षिप्त चर्चा, जो इसकी शुरुआत से ही इस मंच के साथ जुड़ें हैं।
सागर गुप्ता अपनी बेमिसाल कहानियों और रचनात्मक सोच के कारण StoryBerrys समुदाय के एक गौरवशाली STAR Author बने हैं। उनकी कहानियाँ न केवल पाठकों का मनोरंजन करती हैं, बल्कि समाज को एक नया नज़रिया भी देती हैं। साहित्य के प्रति उनके समर्पण ने उन्हें इस मंच पर एक खास पहचान दिलाई है।
सागर गुप्ता के लेखन की मुख्य विशेषता उनकी सहजता और गहराई का अनूठा संगम है, जहाँ वे सरल भाषा का उपयोग करके पाठकों तक अत्यंत गहरे संदेश पहुँचाते हैं। उनकी कहानियों में भावनात्मक जुड़ाव की प्रधानता होती है, जो मानवीय रिश्तों और संवेदनाओं को बड़ी बारीकी से छूती है। साथ ही, उनके लेखन में विविधता झलकती है—चाहे वह प्रेरणादायक विषय हों या जीवन के साधारण पल, वे अपनी लेखनी से हर रंग को बखूबी जीवंत कर देते हैं।
सागर गुप्ता की कहानियाँ StoryBerrys पर उपलब्ध हैं -
https://www.storyberrys.com/user/Qpw9mPgQK4b4jXK8S9EL
1. कृपया हमारे पाठकों के लिए अपना परिचय दें।
जब मैं ख़ुद को नहीं जान पाया अब तक, तो पाठकों को अपना क्या ही परिचय दूँ? मैं हर दूसरे दिन खुद को एक नया व्यक्ति पाता हूँ, मानो वह मेरे अवचेतन मन में कहीं छिपा हुआ बैठा था और मेरा व्यक्तिगत अनुभव ख़ुद को लेकर इतना ही है कि मेरे अंदर बहुत सारे व्यक्तित्व है जो कि परिस्थितियों और लोगों के साथ बदलती रहती है| दोस्तों के साथ व्यक्तित्व अलग है, परिवार वालों के साथ अलग और बाहर बिल्कुल अलग| जब मैं खुद को जान लूँगा तो मैं ख़ुद आप सभी को अपना परिचय दूंगा|
2. आपको लिखने की प्रेरणा कहाँ से मिली? कृपया अपनी लेखन यात्रा साझा करें।
मैंने कभी सोचा नहीं था कि मैं कभी इस क्षेत्र में आगे बढ़ पाऊँगा| जब मैं सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था और मेरा चयन एक प्रतिष्ठित नौकरी में हो गया, तो मैं फेसबुक में जिस पढाई वाले ग्रुप से जुड़ा था, उसमें कुछ दोस्तों ने मुझे अपने सफ़लता के बारे में कुछ लिखने को कहा और मैंने जब लिखना शुरू किया तो लगभग 5-6 पेज लिख डाला, जो भी मेरे दिल और दिमाग में आया| जब मैंने उसे फेसबुक के उस ग्रुप में पोस्ट किया तो उसमें हजारों Likes और Comments आए और लोगों ने मुझे और लिखने को कहा| यहाँ से मेरी लेखन यात्रा शुरू हुई और मैं कब उस मोड़ से कहानी लिखने के मोड़ पर मुड़ कर आगे बढ़ गया, पता भी नहीं चला|
3. आप किन शैलियों या विषयों पर लिखना सबसे अधिक पसंद करते हैं?
मैं सामान्यतः सामाजिक मुद्दों को कहानी रूपी माला में पिरो कर व्यक्त करता हूँ| हालांकि मेरे कुछ पाठक उस कहानी का असली मर्म समझ लेते है और कुछ प्यारे पाठक उसके हास्यास्पद बातों पर हँस कर मनोरंजन का आनंद लेते रहते है|
4. आपके लेखन के अधिकतर विचार कहाँ से आते हैं?
मैं आस-पास की चीजों को देखता हूँ, समझता हूँ और फिर उसे कहानी में व्यक्त कर देता हूँ| कुछ विचार मेरे स्वयं के दिमाग की उपज भी होते है|
5. आपके लिए सबसे पहले क्या आता है — कथा, पात्र या भावना?
मेरे लिए सबसे पहले भावना आती है| उस भावना के इर्द-गिर्द ही मैं कहानी का ताना-बाना बुनता हूँ|
6. कौन-सा लेखक या कहानीकार आपके कार्य को प्रभावित करता है?
मेरे कहानी के विचार मेरे स्वयं के होते है| सबसे मज़े की बात बताऊँ तो मैंने बहुत ही कम कहानीकार को पढ़ा है, क्यूंकि मुझे पढने से ज्यादा लिखना पसंद है और शायद एक यही कारण है कि मेरी कहानी किसी कहानीकार से प्रभावित न होकर अलग होते| उसमें एक नए फूल की खुशबू होती है|
7. आप किस प्रकार की किताबें पढ़ना पसंद करते हैं?
जैसा कि मैंने कहा कि मुझे कहानी की किताबें पढ़ने से ज्यादा कहानी लिखने में रस मिलता है| वैसे मैं मनोविज्ञान की किताबें पढना पसंद करता हूँ|
8. आपका प्रिय लेखक कौन है?
मेरे प्रिये लेखक ओशो है, जो कि आध्यात्मिक व्यक्ति थे| उन्होंने जो उपदेश दिया, उसे ही किताब बना दिया गया| मुझे उनकी किताबें बेहद पसंद है|
9. आपकी पसंदीदा किताब कौन-सी है जिसे आप बार-बार पढ़ सकते हैं?
The Alchemist, Animal Farm और How to eat a frog
10. यदि आप उभरते लेखकों को एक ही लेखन सलाह दे सकें, तो वह क्या होगी?
मैं बस ये कहना चाहूँगा कि जो आप महसूस करें, बस उसे शब्दों में व्यक्त कर दे| इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता है|
11. लिखने का सबसे कठिन हिस्सा क्या है?
लिखने का सबसे कठिन हिस्सा वहाँ आता है, जब आप दो व्यक्ति जो एक-दूसरे के विरुद्ध है और उन दोनों को बस ये लग रहा हो कि वो सही है और दूसरा गलत| उस स्थिति में दोनों के मनोभावनाओं को सही-सही व्यक्त करना मुझे सबसे कठिन लगता है| जैन धर्म का एक मूलभूत सिद्धांत है- स्यादवाद| यह बतलाता है कि दृष्टिकोण की अनेकंताता होती है| कोई एक पक्ष पूर्णता सही नहीं हो सकता, सत्य बहुआयामी है| इसे व्यक्त करना मुझे काफ़ी कठिन लगता है|
12. लिखने का सबसे सुखद हिस्सा क्या है?
लिखने का सबसे सुखद हिस्सा स्वयं लिखना ही है| लिखते समय जो आनंद मिलता है, उससे अधिक आनंद या सुख किसी चीज़ में नहीं है| मुझे फ़र्क नहीं पड़ता है कि पाठक मेरे कहानी पढ़ते है या नहीं पढ़ते, क्यूंकि लिखने समय ही मुझे उस सुखद अनुभव की प्राप्ति हो जाती है|
13. आपकी भविष्य की लेखन योजनाएँ क्या हैं? आगे आप किन विषयों पर लिखना चाहेंगे?
भविष्य में मैं अपनी कहानियों के माध्यम से सामाजिक व्यवस्थाओं, प्रेम और अध्यात्म से संबंधित विषयों पर लिखना चाहता हूँ|
14. आप StoryBerrys से कैसे जुड़े? कृपया StoryBerrys पर अपने अनुभव साझा करें।
StoryBerrys से जुड़ाव मेरी भाभी के माध्यम से हुआ, जो कि स्वयं एक सुप्रतिष्ठित लेखिका है| उन्होंने मुझे इस प्लेटफार्म में लिखने को प्रेरित किया और मुझे लगता है कि अगर यह प्लेटफार्म नहीं होता तो मैं इतनी कहानियां लिख नहीं पाता|
StoryBerrys एक ऐसा प्लेटफार्म कहानीकारों, कवियों, कवियत्रियों आदि को देता है, जिसके माध्यम से वो ख़ुद को व्यक्त कर सकते है| मैंने बहुत सारे कहानीकारों और कवियत्रियों को देखा है, जिन्होंने लिखना StoryBerrys से प्रारंभ किया और आज उनके द्वारा अपनी खुद की कहानियाँ प्रतिष्ठित publisher के माध्यम से प्रकाशित की जा रही है| यह इस मंच की ही देन है| इसके लिए मैं इस मंच का आभारी हूँ| धन्यवाद्
***********
सागर गुप्ता जी, स्टोरीबेरीज को अपना कीमती वक्त देने के लिए हम आपके आभारी हैं।
Comments (0)
Please login to share your comments.